आइए जानते है लीची की मशहूर प्रजाति शाही की खासियत के (विशिष्टता) बारे में
आइए जानते है लीची की मशहूर प्रजाति शाही की खासियत के (विशिष्टता) बारे में

प्रोफेसर (डॉ) एसके सिंह
प्रधान अन्वेषक, अखिल भारतीय फल अनुसंधान परियोजना एवं 
सह निदेशक अनुसन्धान 
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय , पूसा , समस्तीपुर, बिहार 

लीची की विभिन्न प्रजातियों में शाही प्रजाति का स्थान सर्वोत्तम है। शाही का मतलब अंग्रेजी शब्दकोश के अनुसार रॉयल (Royal) है। लीची की खेती करने वाले किसान हो या लीची के फल खाने के शौकीन हो सबकी पहली पसंद शाही लीची है। बिहार के मुजफ्फरपुर को लीची की राजधानी कहा जाता है। जिसका मुख्य कारण है यहां उगाई जाने वाली विभिन्न किस्मों में लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा शाही लीची का होना प्रमुख है। देश के किसी भी हिस्से में जब भी मुजफ्फरपुर का नाम आता है तो अनायास ही शाही लीची का नाम सामने आ जाता है। जबकि सत्य यह है की देश के अन्य हिस्सों में भी शाही लीची की खेती अन्य नाम से हो रही है, लेकिन जो क्वालिटी मुजफ्फरपुर के लीची में है वह अन्य किसी भी जगह के लीची में नही है, यहाँ तक की बिहार के अन्य जिले की शाही लीची में भी वह खासियत नही है। यह उत्तर बिहार, झारखंड, उत्तरांचल और उत्तर प्रदेश की सबसे लोकप्रिय किस्म है। फलों में विशिष्ट गुलाब की सुगंध होती है और इसलिए इसे गुलाब सुगंध भी कहा जाता है। इसे उत्तरांचल में "शाही" और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में "मुजफ्फरपुर" के नाम से जाना जाता है। यह विभिन्न स्थानों पर मई के दूसरे सप्ताह से जून के पहले सप्ताह के दौरान पकने वाली एक अगेती किस्म है। यह झारखंड में 12-15 मई, उत्तर बिहार में 20 से 25 मई और उत्तरांचल के तराई क्षेत्र में मई के अंत तक पक कर तैयार होती है। शाही प्रजाति के लीची के पेड़ लगभग 7.5 मीटर ऊंचाई और 8.0 मीटर चारों तरफ फैला हुआ और 90-100 किग्रा/पेड़ उपज देने वाली किस्म है। फल मध्यम से बड़े आकार के 3.2 सेमी लंबाई और 3.0 सेमी व्यास के, जिसके एक फल का वजन लगभग 20.5 ग्राम होता है। फल का आकार गोल से लेकर हार्ट के आकार में मोटे होते हैं जो पकने पर लाल के साथ गुलाबी दिखाई देते है। गूदा भूरा- सफेद, नरम मध्यम रसदार (54.8%) और 20 डिग्री ब्रिक्स टीएसएस, 12.79% कुल चीनी और 0.33% कुल अम्लता के साथ मीठा होता है, बीज छोटे 1.90 सेंटीमीटर लंबाई, 1.30 सेंटीमीटर व्यास और लगभग 2.0 ग्राम वजन के, चिकने, चमकदार गोल-अंडाकार आकार के और काले-चॉकलेट रंग के होते हैं। फल उत्कृष्ट सुगंध और गुणवत्ता वाले गुद्दे के लिए जाने जाते हैं।