इस पौधे की खेती से होती है लाखों की कमाई, 20 हजार रूपये लीटर बिकता है इसका तेल
इस पौधे की खेती से होती है लाखों की कमाई, 20 हजार रूपये लीटर बिकता है इसका तेल
Android-app-on-Google-Play

अगर व्यापार के उद्देश्य से खेती का काम किया जाए तो आप मोटा पैसा कमा सकते हैं। अब किसान भी परंपरागत खेती छोड़कर नकदी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे ही आज हम एक ऐसे फूल की बात कर रहे हैं। जिससे किसान जल्द ही मालामाल हो जाएंगे। इस फूल का नाम जेरेनियम है। वैसे भी सरकार द्वारा देश में सुगंधित पौधों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए सरकार एरोमा मिशन के तहत काम कर रही है। जेरेनियम एक प्रकार का सुगंधित पौधा है। इस पौधे को गरीबों का गुलाब भी कहा जाता है।

जेरेनियम का उपयोग
सबसे खास बात यह है कि जेरेनियम के फूलों से तेल निकाला जाता है, जो औषधि के अलावा और भी कई कामों में काम आता है। जेरेनियम के तेल से गुलाब की तरह महक आती है। इसका उपयोग एरोमाथेरेपी, सौंदर्य उत्पाद, इत्र और सुगंधित साबुन बनाने में किया जाता है।

जेरेनियम की खेती के बारे में
जेरेनियम के पौधे कहीं भी उगाए जा सकते हैं। हालांकि इसके लिए बलुई दोमट मिट्टी बेहतर मानी जाती है। इन पौधों को बहुत ही कम पानी की आवश्यकता होती है। यानी इसकी खेती ऐसी जगह की जा सकती है जहां बारिश कम होती हो।

इसकी खेती के लिए हर तरह की जलवायु अच्छी मानी जाती है। लेकिन कम नमी वाली हल्की जलवायु इसकी अच्छी पैदावार के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। आप केंद्रीय औषधीय एवं पौधा संस्थान से जेरेनियम का पौधा खरीद सकते हैं और इसे अपने खेतों में लगा सकते हैं। इसे किसी भी परिस्थिति में उगाया जा सकता है। इसकी खेती कर किसान आसानी से कम पैसे में अपना मुनाफा बढ़ा सकते हैं।

कहां होती है जेरेनियम की खेती
कभी जेरेनियम जैसी सुगंधित फसलें सिर्फ दूसरे देशों तक ही सीमित थीं, लेकिन आज भारत के कई इलाकों में जेरेनियम की खेती का विस्तार हो रहा है। उत्तर प्रदेश के बंदायु, कासगंज और संभल जिलों के किसान जेरेनियम की खेती कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश में शरबती गेहूं उगाने वाले किसान अब अपनी जमीन का एक हिस्सा जेरेनियम के लिए रखते हैं। वैसे तो जेरेनियम की फसल हर सीजन-हर मौसम के लिए अनुकूल है, लेकिन कम नमी, हल्का मौसम और बलुई दोमट मिट्टी में इसकी अच्छी उत्पादकता मिलती है।

खर्च और लाभ
जेरेनियम की फसल लगाने में एक लाख रुपए का खर्च आता है। हालांकि, इसका तेल काफी महंगा बिकता है। बाजार में इसके तेल की कीमत 20,000 रुपये प्रति लीटर तक है। इसके पौधे 4 से 5 साल तक उत्पादन देते हैं जिससे आप अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं। ऐसे में आप 4 से 5 साल तक लगातार लाखों का मुनाफा कमा सकते हैं।

जेरेनियम की खेती से जुड़ी 10 बड़ी बातें
  • भारत में 200 टन तेल की खपत, उत्पादन महज 5%
  • प्रति एकड़ बीस हजार से 22 हजार पौधों की आवश्यकता होती है
  • चार माह की फसल में आठ-दस लीटर तेल निकलता है
  • तेल औसतन 15-20 हजार रुपए लीटर बिक रहा है।
  • पौधे से पौधे तथा लाइन से लाइन की दूरी 30 से 45 सेंटीमीटर रखें।
  • शेड विधि से पौधे की लागत दो रुपये प्रति पौधा आती है।
  • बरसात के मौसम में नर्सरी के लिए चार हजार पौधों को बचाना होता है।
  • एक मौसम में एक पौधे से 12 पौधे बनाए जा सकते हैं।
  • नई विधि विकसित करने में सीमैप को आठ से नौ साल लग गए हैं।
  • मेंथा की तुलना में कम लागत और अधिक रिटर्न