बिहार (कटिहार)- कृषि विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सलाहकार समिति की नौंवी बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के सहायक निदेशक प्रसार सह शिक्षा डा. आरएनसिंह, जिला कृषि पदाधिकारी चन्द्रदेव प्रसाद, जिला मत्स्य पदाधिकारी शंभु प्रसाद नायक, डीडीएम नवार्ड अमित कुमार एवं वरीय वैज्ञानिक सह केन्द्र के डा. सुशील कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से किया।
अपने अध्यक्ष के सम्बोधन में डा. सिंह ने खेती में मौसमी जोखिमों पर चर्चा की साथ ही उन्होंने बताया कि कटिहार जिले के किसानों को मौसम के स्पष्ट जानकारी देने के लिए विषय वस्तु विशेषज्ञ मौसम विज्ञान की नियुक्ति की गयी है। जल्द ही जिले के किसानों को मोबाइल मैसेज के रुप में मौसम की जानकारी प्रदान की जायेगी। वैज्ञानिक सह केवि के प्रधान डा. सिंह ने विगत बैठक से लेकर अब तक की प्रगति एवं अगले वर्ष की कार्य योजना को पावर प्वाइंट प्रजेंटेंशन के माध्यम से प्रस्तुत किया। जबकि कृषि वैज्ञानिक पंकज कुमार ने विगत बैठक की कार्रवाही एवं उस पर किये गये कार्यों की प्रस्तुतीकरण किया।
जिला कृषि पदाधिकारी श्री प्रसाद ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को कृषकों को हित में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं किसान चौपाल के माध्यम से प्रचारित करने की बात कही। जिला मत्स्य पदाधिकारी श्री नायक ने मत्स्य पालकों की दशा को सुधारने एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य आधारित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। डीडीएम नबार्ड श्री कुमार ने किसान क्लब को सुढृढ करने की बात कही।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जीविका के जिला प्रबंधक निखिल कुमार ने समूह के माध्यम से उद्यमिता विकास कर गरीबी उन्मूलन के बारे में बताया। वहीं किसान श्री संदीप कुमार पांडेय ने जिले के किसानों की दशा सुधारने के लिए औषधीय पौधे के खेती के क्षेत्र को बढ़ाने पर बल दिया। किसान श्री उदय सिंह एवं विष्णुदेव उरांव ने नकदी फसल के रुप में मखाना की खेती को बढ़ावा देने की बात कही। मौके पर विभिन्न प्रखंडों से आये हुए किसानों के अलावा पाट अनुसंधान केन्द्र एवं कृषि विज्ञान केन्द्र केसभी वैज्ञानिक व कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पंकज कुमार ने की।